शिवपुरी। जिला चिकित्सालय शिवपुरी के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) में नर्सिंग प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे शिवराज सिंह राजपूत को उत्कृष्ट, समर्पित एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. राम प्रताप सिंह चौहान ने प्रदान किया।
सम्मान समारोह के दौरान डॉ. चौहान ने शिवराज सिंह राजपूत के कार्य के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन थियेटर जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण विभाग में व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना और मरीजों की सेवा के लिए हर समय तत्पर रहना बड़ी जिम्मेदारी है। राजपूत ने इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, कुशलता और समर्पण के साथ किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान न केवल उनका उत्साह बढ़ाता है, बल्कि अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को भी बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रेरित करता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद शिवराज सिंह राजपूत ने अस्पताल अधीक्षक, वरिष्ठ अधिकारियों और अपनी पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत और सहयोग का परिणाम है। मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वे भविष्य में भी इसी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहेंगे। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने शिवराज सिंह राजपूत को सम्मान मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


