कोलारस की बदहाल सड़कों, आवारा पशुओं और भारी वाहनों पर अभिभाषक संघ का प्रशासन को अल्टीमेटम
शिवपुरी। नगर की बदहाल व्यवस्थाओं और गंभीर जनसमस्याओं को लेकर अब अभिभाषक संघ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष, सचिव सहित अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर छह प्रमुख समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की है। संघ ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि 07 दिवस के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय की शरण ली जाएगी।
अभिभाषक संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में नगर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या, भारी वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश, नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक सहित कई गंभीर मुद्दे उठाए गए। इसके अलावा जगतपुर चौराहे से न्यायाधीश निवास तक सड़क पर बने गड्ढों और कीचड़, मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग व कीटनाशक दवा के छिड़काव तथा कोलारस न्यायालय परिसर में गंदे पानी की निकासी और सोख्ता गड्ढे के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई। अधिवक्ताओं का कहना है कि नगर की इन समस्याओं का असर सीधे आम नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और आवागमन पर पड़ रहा है। सड़कों की खराब हालत और भारी वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है, जबकि आवारा पशुओं और मच्छरों की समस्या भी लगातार परेशानी बढ़ा रही है। अभिभाषक संघ ने प्रशासन से सभी समस्याओं को जनहित की प्राथमिकता मानते हुए सात दिवस में निराकरण कराने की मांग की है। संघ ने दो टूक कहा कि यदि तय समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कानूनी रास्ता अपनाने के लिए अभिभाषक संघ बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने वालों में अभिभाषक संघ अध्यक्ष अमित गुप्ता, सचिव रामजी लाल लोधी, अधिवक्ता सुरेंद्र जाट, अज़हर उद्दीन क़ाज़ी, कैलाश यादव, इमरान खान सहित अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे।


