दिनारा पुलिस ने हत्या के प्रयास में फरार दो इनामी आरोपी दबोचे, दो कट्टे बरामद

MP DARPAN
0

शिवपुरी। हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को दिनारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर के दो कट्टे बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह के मुताबिक थाना दिनारा में अपराध क्रमांक 160/26 के तहत धारा 296(ए), 112(2), 109(1), 3(5) बीएनएस तथा इजाफा धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। घटना के बाद से अनूप पुत्र भरत सिंह यादव उम्र 27 वर्ष एवं केशव पुत्र गुमान सिंह यादव उम्र 20 वर्ष दोनों निवासी ग्राम खिरिया जागीर, थाना दिनारा फरार चल रहे थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने सख्त निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक द्वारा पत्र क्रमांक पुअ/शिव/सीआईडी/एडी/75/26, दिनांक 07 अगस्त 2026 के माध्यम से दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 3-3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दिनारा उनि. रविन्द्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश तेज की। पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए 315 बोर के दोनों कट्टे विधिवत जब्त किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध में फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने के साथ अवैध हथियारों की बरामदगी भी हुई है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनारा उनि. रविन्द्र सिंह कुशवाह एवं उनके हमराही पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top