राज्य स्तरीय टीम ने शिवपुरी में परखी टीकाकरण व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का लिया जायजा

MP DARPAN
0

शिवपुरी। खसरा-रूबेला (मीजल्स) संक्रमण की रोकथाम और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश की राज्य स्तरीय टीम ने शिवपुरी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की। वरिष्ठ संयुक्त संचालक (टीकाकरण) डॉ. एल.पी. भाकोरिया के नेतृत्व में पहुंचे दल में गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल के प्रोफेसर डॉ. देवेंद्र गौर तथा यूएनएफपीए भोपाल के अतुल पाठक शामिल रहे।

दल ने पोहरी विकासखंड के ग्राम बछौरा में आयोजित विशेष टीकाकरण सत्र का निरीक्षण कर लाभार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों से संवाद किया। टीम ने खसरा-रूबेला टीकाकरण के प्रति जागरूकता, भ्रांतियों और चुनौतियों की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का आकलन किया। इसके बाद सतनवाड़ा विकासखंड के ग्राम बड़ागांव की आदिवासी बस्ती में घर-घर पहुंचकर बच्चों के टीकाकरण एवं स्वास्थ्य की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान एक कुपोषित बच्चे के मिलने पर संबंधित आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को तत्काल उपचार एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राज्य स्तरीय दल ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव में आयरन-फोलिक एसिड वितरण कार्यक्रम की समीक्षा करने के साथ उप स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी रजिस्टर, आशा डायरी, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता, कोल्ड चेन प्रबंधन तथा यू-विन पोर्टल पर दर्ज रिकॉर्ड का भी परीक्षण किया। बाद में बीएमओ, बीपीएम, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक लेकर मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और नियमित टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। टीम ने जिला वैक्सीन स्टोर का निरीक्षण कर वैक्सीन की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और स्टॉक प्रबंधन की भी जांच की। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया ने बताया कि ऐसे निरीक्षणों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, टीकाकरण की प्रभावी मॉनिटरिंग और संक्रमण नियंत्रण को मजबूती मिलेगी। इस दौरान जिला डाटा प्रबंधक सी.पी. जैन, राहुल मंगल, अमन प्रताप सिंह गौर, अमित गुप्ता सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top