जल जीवन मिशन से मडख़ेड़ा में बदली जिंदगी, महिलाओं को राहत और बच्चों की पढ़ाई को मिला समय
शिवपुरी। कभी पीने के पानी के लिए गांव की महिलाओं को करीब दो किलोमीटर दूर घाटी के नीचे तक जाना पड़ता था। घंटों पानी जुटाने में बीतते थे और मजदूरी से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित होती थी। अब जल जीवन मिशन ने पोहरी विकासखंड के ग्राम मडख़ेड़ा की तस्वीर बदल दी है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा उच्चस्तरीय पानी की टंकी का निर्माण कर गांव के सभी 245 परिवारों को नल कनेक्शन दिए गए हैं।
योजना से पहले ग्रामीण हैंडपंप और दूरस्थ जलस्रोतों पर निर्भर थे। पानी की व्यवस्था में लगने वाले समय के कारण महिला-पुरुष समय पर मजदूरी पर नहीं पहुंच पाते थे। नल-जल योजना शुरू होने के बाद घर में नल से पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने लगा है। इससे ग्रामीणों का समय बच रहा है और वे अपने काम पर समय से पहुंच पा रहे हैं। योजना का लाभ गांव के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों तक भी पहुंचा है। बच्चों को पानी के लिए घर से बोतलें लाने की जरूरत कम हुई है और पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल रहा है। साथ ही ग्रामीणों में जल संरक्षण, स्वच्छता और पेयजल की गुणवत्ता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच भी की जा रही है। घर-घर नल पहुंचने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने शासन, प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पानी की समस्या दूर होने से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पहले से कहीं आसान हुई है।


