बैराड़ में खाद दुकानों पर कृषि विभाग का छापा, तीन प्रतिष्ठान सील

MP DARPAN
0

कलेक्टर के निर्देश पर औचक जांच, उर्वरक, बीज और कीटनाशक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

शिवपुरी। किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा उर्वरक वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने बैराड़ में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर विकासखंड पोहरी के बैराड़ में उर्वरक वितरण प्रतिष्ठानों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

कृषि विभाग की टीम ने कान्हा एग्रो एजेंसी बैराड़, कान्हा ट्रेडर्स बैराड़ और त्यागी बीज भंडार बैराड़ का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में उर्वरक वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं और आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण में उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985, बीज अधिनियम तथा कीटनाशक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन सामने आया। इसके बाद प्रशासन एवं कृषि विभाग की टीम ने तीनों प्रतिष्ठानों को मौके पर ही सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एम.के. दनेलिया सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विभागीय कार्रवाई से क्षेत्र के कृषि आदान विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर कृषि विभाग ने जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था की निगरानी और सघन जांच जारी रखने की बात कही है। विभाग का कहना है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खाद की कालाबाजारी, अनियमित वितरण या निर्धारित नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top