साक्षियों के बयानों से खुला राज, पूछताछ में विवाद और खाना नहीं देने पर गुस्से में वार करना स्वीकार, आरोपी जेल भेजा
शिवपुरी। सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम ठेह में पत्नी पर चाकू से हमला कराने की शिकायत दर्ज कराने वाला पति ही पुलिस जांच में घटना का आरोपी निकला। पुलिस ने फरियादी घनश्याम पुत्र पूरन बाल्मीकि उम्र 65 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान के अनुसार 19 सितंबर को घनश्याम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18-19 सितंबर की रात वह और उसकी पत्नी लीला बाल्मीकि टपरिया में सो रहे थे। इसी दौरान ग्राम मकरारा निवासी राजकुमार बाल्मीकि, उसके पिता कालू बाल्मीकि सहित दो अन्य लोग चाकू लेकर पहुंचे और लीला पर हमला कर दिया। मामले में अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर थाना प्रभारी सुभाषपुरा उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह चौहान को विवेचना सौंपी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में जांच के दौरान 22 सितंबर को साक्षियों से पूछताछ में विरोधाभास सामने आया। साक्षियों के बयानों से पुलिस को पता चला कि घटना घनश्याम ने स्वयं की थी। पूछताछ में घनश्याम ने पत्नी से विवाद और घटना वाले दिन खाना नहीं देने की बात पर गुस्से में हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया। उक्त कार्रवाई में सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान, उपनिरीक्षक रामेन्द्र सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक रफीक मोहम्मद, प्रधान आरक्षक सोनू सिंह, निरंजन सिंह गुर्जर, सोनेराम, सुरेन्द्र, आरक्षक गजराज सिंह बघेल, विनोद एवं अर्जुन सिंह जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


