दोनों पर घोषित था दो-दो हजार रुपये का इनाम, चार आरोपी पहले ही पहुंच चुके हैं जेल
शिवपुरी। पुरानी रंजिश में घर पर हमला, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में मगरौनी चौकी पुलिस ने दो फरार इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह राजावत के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को ग्राम खोड़ बावड़ी निवासी देशराज उर्फ लवकुश ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश को लेकर कई आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सुरेंद्र गुर्जर ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से बंदूक से गोली चलाई, जो घर में रखे कूलर में लगी। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। मामले में अपराध क्रमांक 153/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए 17 अक्टूबर को मगरौनी पुलिस ने दो-दो हजार रुपये के इनामी लवकुश गुर्जर पुत्र रणवीर गुर्जर (32) और रामकुमार उर्फ टिल्लू गुर्जर पुत्र केदार गुर्जर (25), दोनों निवासी ग्राम गढ़ोली, को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में धर्मेंद्र गुर्जर पुत्र भरत गुर्जर, नरेश उर्फ बालू गुर्जर पुत्र नारायण गुर्जर, विजेंद्र उर्फ कल्लू गुर्जर पुत्र विशाल गुर्जर, निवासी खोड़ बावड़ी, तथा दीपू उर्फ दीपक निवासी गढ़ोली को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ये चारों वर्तमान में उपजेल करेरा में निरुद्ध हैं। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरवर निरीक्षक अरुण प्रताप भदौरिया के नेतृत्व में की गई। इसमें चौकी प्रभारी मगरौनी उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह राजावत, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश यादव, प्रधान आरक्षक भोले राजावत तथा आरक्षक रविन्द्र भास्कर, सचिन यादव, राहुल रावत, राघवेन्द्र तोमर और दामोदर परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


