शिव की कृपा प्राप्त करने का पावन अवसर है महाशिवरात्रि पर्वः अनुपम
शिवपुरी। महाशिवरात्रि का पर्व भारत के सभी प्रदेशों में धूमधाम से मनाया जाता है। भारत के साथ नेपाल, मॉरीशस सहित दुनिया के कई अन्य देशों में भी महाशिवरात्रि का पर्व उत्साह पूर्वक मनाया गया। इसी क्रम में शहर की झांसी रोड पर स्थित काली माता मंदिर परिसर में संगीत प्रेमियों द्वारा फल वितरण कर महाशिवरात्रि का पर्व हर्ष पूर्वक मनाया।
कार्यक्रम में अनुपम जैन ( सर ) ने कहा कि भोले की भक्ति में मुझे डूब जाने दो, शिव के चरणों में शीश झुकाने दो, आई है शिवरात्रि भोले बाबा का दिन, आज के दिन मुझे भोले के गीत गाने दो । अनुपम जैन (सर) ने कहा कि फाल्गुन मास में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। सत्य ही शिव हैं शिव ही सुंदर है। तभी तो भगवान भोलेनाथ को सत्यम शिवम सुंदरम कहा जाता है। भगवान शिव की महिमा अपरंपार है। भोलेनाथ को प्रसन्न करने का ही महापर्व है महाशिवरात्रि। महाशिवरात्रि के दिन भक्त जप, तप और व्रत रखते हैं और इस दिन भगवान के शिवलिंग रूप के दर्शन करते हैं। इस पवित्र दिन पर देश के हर हिस्सों में शिवालयों में बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, शर्करा आदि से शिवजी का अभिषेक किया जाता है। देशभर में महाशिवरात्रि को एक महोत्सव के रूप में मनाया जाता है क्योंकि इस दिन देवों के देव महादेव का विवाह हुआ था। अनुपम जैन (सर) ने कहा कि -महाशिवरात्रि के दिन जो व्यक्ति शिवजी की पूजा करते हैं उन्हें मोक्ष प्राप्त होता है वैसे भी भोलेनाथ को जल्द ही प्रसन्न होने वाले देव के रूप में भी जाना जाता है। इस अवसर पर गंगाप्रसाद कुशवाह, मनोज शर्मा, रामसेवक गौड़ आदि संगीत प्रेमी उपस्थित थे।


