शिवपुरी में पर्यावरण जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
शिवपुरी। पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को लेकर शिवपुरी में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी और मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विजयपुर, गुना के संयुक्त तत्वाधान में कलेक्टर कार्यालय सभागार में यह कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ हवा, प्रदूषण मुक्त जल और स्वस्थ पर्यावरण प्रत्येक नागरिक का बुनियादी मानव अधिकार है। प्रदूषण फैलाने वालों पर प्रभावी दंड और आमजन को पर्यावरणीय नियमों की जानकारी देना आवश्यक बताया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी ने मूर्तिकारों और आमजन को पर्यावरण संरक्षण के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा, मूर्तिकार प्राकृतिक रंगों और मिट्टी का उपयोग करें। पर्यावरण के प्रति उदार बनें, तभी बप्पा आपका उद्धार करेंगे। केमिकल आधारित सामग्री जल और जीव-जंतुओं के लिए खतरनाक है। एडीएम दिनेश शुक्ला ने अनुशासन, स्वच्छता और भारतीय परंपराओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा, जबकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के के.बी. शर्मा ने प्राकृतिक संसाधनों के सीमित उपयोग और ई-वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट जैसे अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी दी। नगर पालिका और यातायात अधिकारियों ने पॉलिथीन नियंत्रण, सामग्री पृथक संग्रहण और वाहन प्रदूषण पर विशेष अभियान की आवश्यकता बताई। अधिवक्ता अभिनव जैन ने विसर्जन उपरांत उचित निपटान के सुझाव दिए। कार्यक्रम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर पालिका, लीगल एड काउंसिल, पैरा लीगल वालंटियर, मूर्तिकार और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण बल्लभ शर्मा ने किया और आभार प्रदर्शन मुख्य विधिक सहायता प्रभारी ने किया। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986, जल प्रदूषण निवारण अधिनियम 1974, वायु प्रदूषण निवारण अधिनियम 1981, ध्वनि प्रदूषण निवारण अधिनियम, चिकित्सा अपशिष्ट अधिनियम 2016 और प्लास्टिक/क्रिटिकल अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की जानकारी दी गई।