कोतवाली पुलिस ने किया दो नकबजनी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, 80 हजार रूपए का माल बरामद

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कोतवाली थाना पुलिस ने शहर में हुई दो अलग-अलग नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए महज कुछ दिनों में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया चांदी का जेवर और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 80 हजार रूपए का माल बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को फरियादी मदन राठौर उम्र 48 वर्ष निवासी माधवनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर तांबे का तार, जरूरी दस्तावेज और नगदी चोरी कर ली। वहीं, 6 अप्रैल 2026 को सौरभ जाटव उम्र 30 वर्ष निवासी कमलागंज ने भी घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर व नगदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में कोतवाली थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले और नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच कर संदिग्धों की पहचान की। 11 अप्रैल को मुखबिर सूचना पर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पहली टीम ने रेलवे स्टेशन प्लांट के पास से नरेश परिहार उम्र 48 वर्ष निवासी शंकरपुर डाडा घोसीपुरा को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से चांदी की पायल, कमरबंद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 33 एमएक्स 0629 जब्त की गई। बरामद माल की कुल कीमत 80 हजार रूपए आंकी गई है। वहीं दूसरी टीम ने विजयपुरम कॉलोनी के पास से तुषार बेड़िया उम्र 20 वर्ष निवासी मास्टर कॉलोनी फतेहपुर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, अतार सिंह, विनय कुमार, भगवत चतुर्वेदी, हरीकृष्ण यादव, आरक्षक राहुल कुमार तथा चालक विक्रम धाकड़ की अहम भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top