प्रदेश कांग्रेस का शिवपुरी में हल्ला बोल, जीतू पटवारी के नेतृत्व में 12 अक्टूबर को होगा विशाल रोड शो और आमसभा

MP DARPAN
0

शिवपुरी। मध्य प्रदेश की सियासत का बड़ा मुकाबला अब शिवपुरी की धरती पर होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में किसान न्याय यात्रा एवं वोट चोर गद्दी छोड़ कार्यक्रम के तहत 12 अक्टूबर रविवार को शिवपुरी में कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर शहर में भव्य रोड शो और विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी। जिला कांग्रेस कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। श्री अग्रवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा का संचार करने वाला साबित होगा।

कार्यक्रम का समय और मार्ग

12 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे गुना बायपास चौराहा स्थित कांग्रेस के नवीन जिला कार्यालय का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं वरिष्ठ नेताओं के हाथों होगा। इसके बाद यहीं से रैली की शुरुआत होगी, जो झांसी तिराहा, माधव चौक, लक्ष्मी निवास, हंस बिल्डिंग होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगी। गांधी पार्क में विशाल आमसभा होगी, जिसमें हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे।

शामिल होने वाले बड़े नेता

इस शक्ति प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता मंच साझा करेंगे जिनमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री के.पी. सिंह कक्काजू, पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह, जिला प्रभारी विधायक पंकज उपाध्याय साथ ही पूर्व जिला अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, पूर्व विधायक गणेश गौतम, विधायक कैलाश कुशवाह, पूर्व विधायक प्रागीलाल जाटव सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहेंगे। जिला कांग्रेस नेताओं ने अपील की है कि जिले के सभी कांग्रेसजन, पदाधिकारी और आमजन इस न्याय यात्रा और हल्ला बोल कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल हों, ताकि किसानों के हक और लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई को मजबूती मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top