खतरनाक सामग्रियों का उपयोग न करें, अपने परिवार को सुरक्षित रखें
शिवपुरी। दीपावली की खुशियां कई घरों में दर्द में बदल गईं जब जिले में कार्बाइड गन के उपयोग से 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 15 घायलों का जिला अस्पताल एवं निजी चिकित्सालयों में इलाज कर छुट्टी दे दी गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दोनों फिलहाल रतन ज्योति हॉस्पिटल ग्वालियर में उपचाररत हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के दौरान कार्बाइड गन जैसी खतरनाक वस्तुओं का उपयोग आंखों और शरीर के लिए अत्यंत हानिकारक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही स्थायी रूप से आंखों की रोशनी छीन सकती है या गंभीर चोट का कारण बन सकती है। डॉ. ऋषीश्वर ने जिलेवासियों से अपील की है कि ऐसी खतरनाक सामग्रियों का उपयोग न करें, अपने परिवार को सुरक्षित रखें और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशी और रोशनी का प्रतीक है, इसे सुरक्षा और संयम के साथ मनाना चाहिए।



