शिवपुरी। पिछोर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास के मामले अप.क्र. 582/25 में शामिल चार आरोपियों को मात्र 48 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार एक 32 बोर की पिस्टल, एक देशी कट्टा, जिंदा राउंड और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
पिछोर थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय के अनुसार, 26 अक्टूबर को फरियादी संजय पुत्र हरनाम लोधी उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम मादौनखुर्द ने रिपोर्ट की थी कि मनोज उर्फ सागर लोधी ने विवाद के चलते उसे जीरो प्वाइंट पर बुलाया। वहां पहुंचने पर बृजेन्द्र लोधी निवासी गरेठा ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, जो वहीं से गुजर रहे संतोष लोधी के हाथ में लगी। आरोपी एक और फायर कर मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश उपाध्याय ने विशेष टीम गठित की। टीम ने मानपुर तालाब और कमालपुर पुलिया के पास से चारों आरोपियों बृजेन्द्र पुत्र हरिराम लोधी उम्र 22 वर्ष ग्राम गरेठा थाना पिछोर, सागर उर्फ मनोज पुत्र कैलाश लोधी उम्र 30 वर्ष ग्राम गरेठा थाना पिछोर, शैलेन्द्र पुत्र रूपसिंह केवट उम्र 20 वर्ष ग्राम जनकपुर थाना बसई जिला दतिया एवं धर्मेन्द्र उर्फ डी.के. पुत्र दशरथ लोधी उम्र 22 वर्ष, ग्राम नोहरा थाना बबीना जिला झांसी, उ.प्र. को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पिछोर में पेश किया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक उमेश उपाध्याय, उपनिरीक्षक रामकिशोर जोशी, बी.एल. दोहरे, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद सगर, जहान सिंह, परमाल सिंह, प्रधान आरक्षक रामहेत सिंह, लक्ष्मीनारायण शुक्ला, आरक्षक धर्मेन्द्र लोधी एवं प्रदीप नरवरिया की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।


