शिवपुरी। खेल जगत के लिए गौरव का क्षण 69वीं राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में शिवपुरी के प्रतिभाशाली स्केटिंग ट्रेनर एवं ऑफिशियल कोच सुखवीर कुशवाह को ग्वालियर में आयोजित समारोह के दौरान शील्ड और सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें प्रतियोगिता के संचालन में उनके उत्कृष्ट योगदान, खिलाडिय़ों के मार्गदर्शन और अनुशासनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में उपस्थित अतिथियों ने श्री कुशवाह की खेल भावना और समर्पण की खुलकर प्रशंसा की।
कोच सुखवीर कुशवाह ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे शिवपुरी का सम्मान है। यह हमारे खिलाडिय़ों के निरंतर प्रयास और जिले के खेल प्रेमी वातावरण की देन है। इसी कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता के संगठन सचिव संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ग्वालियर संभाग अरविंद सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, खेल अधिकारी, संभाग दल के प्रबंधक कोच आलोक त्रिपाठी, सभी प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी, पुलिस विभाग, आईटीएम विद्यालय एवं चिकित्सा विभाग के साथियों का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिवपुरी में राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन पूरे संभाग के लिए गर्व का विषय है। यह खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण है।
69वीं राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में शिवपुरी के दो खिलाडिय़ों जीते मेडल
69वीं राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में शिवपुरी के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया। प्रतियोगिता में रुद्र प्रताप जाट और अयान खान ने शानदार स्केटिंग करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। प्रतियोगिता में शिवपुरी से शामिल अन्य खिलाडिय़ों में प्रत्यक्ष जैन, गुरनूर सिंह, कृष्ण शर्मा, मनीष कुशवाहा, अराना गर्ग और लक्ष्य मित्तल ने भी उम्दा प्रदर्शन करते हुए जिले की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी। कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाडिय़ों का सम्मान कर मनोबल बढ़ाया गया।


