करवा चौथ पर सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए रखा निर्जला व्रत

MP DARPAN
0

शिवपुरी। पूरे जिले में करवा चौथ का पावन पर्व शुक्रवार को बड़े उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने अपने पति की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए निर्जला व्रत रखा और सच्चे प्रेम व समर्पण की मिसाल पेश की। वहीं डॉ. अंबेडकर कॉलोनी निवासी शिक्षक धर्मेन्द्र मंडेरिया की धर्मपत्नी श्रीमती मधु मंडेरिया ने भी अपने पति की लंबी उम्र की कामना करते हुए व्रत रखा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर अपने पति के हाथों पानी पीकर व्रत खोला। करवा चौथ का यह पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पति-पत्नी के रिश्ते की पवित्रता, विश्वास और प्रेम का प्रतीक भी है।

सुबह ब्रह्म मुहूर्त में सरगी ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेने के बाद महिलाएं पूरे दिन अन्न और जल ग्रहण किए बिना अपने पति की मंगल कामना में लीन रहीं। घरों में पूजा की तैयारियों का शोर और बाजारों में खरीदारी की रौनक देखते ही बनती थी। महिलाएं पारंपरिक साडिय़ों, घाघरा-चोली और चूडिय़ों में सजी-धजी दिखाई दीं। बाजारों में सुबह से ही शाम तक महिलाओं की चहल-पहल रही। चूडिय़ों, सिंदूर, मेहंदी और पूजा सामग्री की खरीदारी से बाजारों में उत्सव की विशेष रौनक नजर आई। रात को जब आसमान में चंद्रमा उभरा, तो महिलाओं ने छलनी के माध्यम से पति को देखा और चंद्रमा को अघ्र्य देकर पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। इस अवसर पर पूरे माहौल में भक्ति, प्रेम और सौंदर्य का अद्भुत संगम दिखाई दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top