शिवपुरी में शिक्षकों को एरियर और पंचायत कर्मियों को महीनों से नहीं मिला वेतन, आंदोलन की चेतावनी

MP DARPAN
0

राज्य कर्मचारी संघ ने दी चेतावनी, कहा, जल्द नहीं हुआ भुगतान तो कलेक्ट्रेट पर देंगे धरना

शिवपुरी। जिले में हजारों शिक्षक और पंचायत कर्मी वेतन एवं एरियर के भुगतान के लिए महीनों से भटक रहे हैं। स्थिति यह है कि लगभग 8000 से अधिक शिक्षक शिवपुरी जिले में कार्यरत हैं, जिनमें से करीब 40 प्रतिशत शिक्षकों को 12, 24 एवं 30 वर्षीय कमोन्नति का एरियर अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। इसी तरह पंचायत विभाग के करीब 800 कर्मियों को दो माह से वेतन नहीं मिला, जबकि सहायक सचिव चार-चार माह से वेतन के इंतजार में हैं।

राज्य कर्मचारी संघ का कहना है कि बार-बार मांग और विभागीय पत्राचार के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कार्यवाही नहीं कर रहे हैं।

संघ ने जताया रोष, कहा- आर्थिक संकट में हैं कर्मचारी परिवार

मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला संयोजक राजेन्द्र पिपलोदा, राजकुमार सरैया एवं अरविन्द सरैया ने बताया कि शिक्षकों को एरियर भुगतान के लिए जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने कई बार संकुल प्राचार्यों एवं बीईओ को पत्र लिखे, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। संघ ने बताया कि दो वर्ष पहले राज्य शासन द्वारा घोषित 4% डीए वृद्धि का एरियर भी शिक्षकों को अब तक नहीं मिला, जिससे शिक्षकों में गहरा असंतोष है।

कलेक्टर के निर्देश भी अनसुने

कर्मचारी संघ ने कहा कि कलेक्टर रविन्द्र चौधरी और सीईओ जिला पंचायत विजय राज द्वारा भी वेतन व एरियर भुगतान को लेकर निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर इन पत्रों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इससे शिक्षकों एवं पंचायत कर्मियों में असंतोष की भावना बढ़ रही है।

धरना देने की चेतावनी

राज्य कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र एरियर एवं वेतन भुगतान नहीं किया गया, तो संगठन कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देने को विवश होगा। साथ ही, संघ ने विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक तत्काल बुलाने की भी पुरजोर मांग की है।

संघ के प्रमुख पदाधिकारी रहे शामिल

मांग करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष सुश्री हरभजन कौर, श्रीमती वंदना शर्मा, अरविन्द सरैया, उमाशंकर चौरसिया, सुनील गुप्ता, बृजेंद्र कुल्लू, फतेह सिंह गुर्जर, इन्द्रजीत सिंह धाकड़, अजय बाथम, अमर सिंह कुशवाह, संजय त्रिवेदी, चंद्रमान सिंह यादव, मुकेश लोधी, अजब सिंह लोधी, राकेश सोनी, रन्नोद सहित कई कर्मचारी नेता शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top