नगर परिषद आलमपुर में सफाई कर्मचारियों को एरियर भुगतान, यूनियन अध्यक्ष गुडडू बाल्मीकि का हुआ भव्य सम्मान

MP DARPAN
0

आलमपुर। नगर परिषद आलमपुर के अस्थाई सफाई कर्मचारियों को एरियर का भुगतान किए जाने के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट गुडडू बाल्मीकि का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।

दरअसल, अप्रैल 2024 में श्रमायुक्त कार्यालय, मध्यप्रदेश शासन इंदौर द्वारा सफाई कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की गई थी, जिस पर माननीय उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर ने रोक लगा दी थी। हाल ही में अदालत ने यह रोक हटाई और विलंब अवधि का एरियर भुगतान करने के आदेश जारी किए। इसके बाद श्रम विभाग ने भी एरियर भुगतान के निर्देश जारी किए, लेकिन अधिकांश नगरीय निकायों में आदेशों का पालन नहीं हो रहा था। जब आलमपुर के सफाई कर्मचारियों ने यह मामला यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट गुडडू बाल्मीकि के संज्ञान में लाया, तो उन्होंने तत्काल निकाय प्रशासन और जिला प्रशासन भिंड से जवाब मांगा तथा कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। यूनियन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सफाई कार्य बंद कर हड़ताल की, जिसके बाद सीएमओ महिपाल सिंह यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष के बीच चर्चा हुई और परिणामस्वरूप अस्थाई दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को 20-20 हजार रुपये का एरियर भुगतान किया गया। एरियर प्राप्त होने पर कर्मचारियों में उत्साह का माहौल बन गया। यूनियन अध्यक्ष गुडडू बाल्मीकि के आलमपुर प्रवास के दौरान स्थाई और अस्थाई दोनों श्रेणियों के कर्मचारियों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह जीत सफाई कर्मचारियों की एकजुटता और यूनियन की मेहनत का परिणाम है। ग्वालियर-चंबल संभाग की पहली नगरीय निकाय के रूप में आलमपुर ने उदाहरण प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम के दौरान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव रूपेश पाथरे, मीडिया प्रभारी रजत बंटी पाथरे, विवेक डागौरिया, संजीव पाथरे, राजीव और दिवाकर सहित अनेक सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर यूनियन ने सीएमओ के नाम लेखापाल राहुल गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर अन्य लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की भी मांग की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top