शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत करैरा पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई में एक आरोपी को अवैध पिस्टल और जिंदा राउंड के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बगीचा मंदिर के पीछे वाले रास्ते पर एक युवक अवैध हथियार के साथ किसी वारदात की फिराक में खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रदीप जादौन पुत्र दीवान सिंह जादौन उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम बीलोनी, थाना नरवर बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के पेंट की जेब से एक देशी पिस्टल 32 बोर और दो जिंदा राउंड कीमत लगभग 10,000 रुपए बरामद किए गए। आरोपी वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसके खिलाफ धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 730/24 दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया। कार्यवाही में उनि धर्मेन्द्र गुर्जर, प्रआर राधवेन्द्र चौहान, आर. हरेन्द्र गुर्जर, राधेश्याम जादौन, जितेन्द्र कुमार एवं सुरेन्द्र रावत की सराहनीय भूमिका रही।


