कोलारस में हथियार के दम पर डॉक्टर को धमकाने वाला ड्रेसर गिरफ्तार, कट्टा और कारतूस बरामद

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिले में गुंडा-बदमाशों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत कोलारस पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर को देशी कट्टे के दम पर धमकाने और अवैध रूप से रुपये मांगने वाले ड्रेसर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार सीएचसी कोलारस में पदस्थ डॉक्टर संजय राठौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अस्पताल में पदस्थ ड्रेसर मनीष नाजगढ़ उनके चैंबर में देशी कट्टा लेकर आया और अवैध रूप से शराब पीने के लिए 2000 रुपये की मांग करने लगा। जब डॉक्टर ने पैसे देने से इंकार किया तो आरोपी ने उन्हें अश्लील गालियां दीं और धमकी दी। इस गंभीर घटना पर एसपी अमन सिंह राठौड़ ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान ने टीम गठित कर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी मनीष नाजगढ़ पुत्र अजीत नाजगढ़ उम्र 45 वर्ष निवासी ब्लॉक कॉलोनी शिवपुरी, हाल निवासी अस्पताल प्रांगण कोलारस को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा व जिंदा कारतूस जब्त किए गए। थाना कोलारस में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 389/25 धारा 119(1), 296 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे उपजेल कोलारस भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रवि चौहान, सउनि अमृतलाल भिलाला, प्रआर नरेश यादव, रघुवीर सिंह, उदय सिंह तोमर, धर्मेन्द्र सेंगर, आर. राहुल परिहार, पुष्पेन्द्र रावत एवं दीपक जाट की रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top