दीपावली पर वेतन विहीन हजारों स्वास्थ्य संविदा कर्मी, बोले- बच्चों से क्या कहें, कैसे मनाएं त्योहार?

MP DARPAN
0

दो वर्ष से नहीं मिला बढ़ा डीए, 90% कर्मचारी अब भी प्रतीक्षा में, संघ ने कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की

शिवपुरी। जिले के हजारों स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी दीपावली जैसे राष्ट्रीय त्योहार से कुछ ही दिन पहले भी वेतन के इंतजार में हैं। आज दिनांक तक वेतन न मिलने से कर्मचारी वर्ग में गहरा आक्रोश है। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला संयोजक पंडित राजेंद्र पिपलोदा, राजकुमार सरेया एवं राजीव पुरोहित ने कहा कि संविदा कर्मचारियों के लिए यह स्थिति बेहद दुखद है कि जब दीपावली पर वेतन ही नहीं मिलेगा, तो हम अपने बच्चों को क्या बताएंगे, कैसे खुशियाँ मनाएँ?

कर्मचारियों का कहना है कि संविदा स्वास्थ्यकर्मी अपने वेतन पर ही निर्भर हैं। वे डॉक्टर नहीं हैं कि प्रतिदिन फीस लेकर कमाई कर सकें। फिर भी स्वास्थ्य सेवाएँ जारी रखी गईं, पर विभाग से उन्हें आज तक राहत नहीं मिली। बताया गया कि बीते कई महीनों से शिवपुरी में वेतन समय पर नहीं आ रहा, जबकि पहले कम से कम 2 तारीख तक भुगतान हो जाता था। संघ के जिला सह-संयोजक अरविंद सरैया एवं ऋतु श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2023 में राज्य शासन द्वारा 4% डीए बढ़ाया गया था, जिसका लाभ आज तक 90% कर्मचारियों को नहीं मिल सका है। केवल कुछ चहेते कर्मचारियों को इसका भुगतान किया गया है। वहीं, शासन द्वारा बढ़ाए गए 5% डीए की दोनों किस्तें भी अब तक अटकी हुई हैं। राज्य कर्मचारी संघ के जिला संयोजक राजेंद्र पिपलोदा ने कहा कि जब हम समय पर काम करते हैं तो हमें उसका भुगतान भी समय पर मिलना चाहिए। अब तानाशाही नहीं चलेगी। अगर शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो कर्मचारी आंदोलन पर विवश होंगे। संघ ने शिवपुरी जिले के संवेदनशील कलेक्टर रवींद्र चौधरी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य संविदा कर्मचारियों को समय पर वेतन और डीए एरियर का भुगतान सुनिश्चित कराएँ। इसके साथ ही संघ ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से जिले में स्वास्थ्य विभाग की समन्वय बैठक तक नहीं बुलाई गई, जिससे कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। बैठक बुलाने और वेतन भुगतान की मांग करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष सुश्री हरभजन कौर, वंदना शर्मा, फतेह सिंह गुर्जर, अजय शंकर त्रिपाठी, उमाशंकर चौरसिया, अनुज गुप्ता, अशोक वर्मा, पटवारी मलखान सिंह बघेल, सुनील गुप्ता, गजेंद्र सिंह यादव, अमर सिंह कुशवाह, बृजेंद्र सिंह नरवरिया, इंद्रजीत धाकड़, संजय त्रिवेदी, चंद्रभान सिंह यादव, पातीराम पाल, महेश लोधी, अजब सिंह लोधी, राजेश देव पांडे, राधे सोनी, अनिल मलाबारिया, अजय बाथम, खेमचंद कोली, राजेश पाठक, बृजेश शुक्ला सहित कई कर्मचारी प्रमुख रूप से शामिल हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर दीपावली तक वेतन और डीए का भुगतान नहीं हुआ तो वे शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top