शिवपुरी। मध्यप्रदेश विद्युत मंडल द्वारा जिले में घर-घर स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी को लेकर जिला कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट कहा है कि स्मार्ट मीटर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला कदम है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिले में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और किसी भी हाल में इन मीटरों को लगने नहीं देगी। जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने अपने प्रेस बयान में कहा कि जिन शहरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहाँ जनता परेशान है। बिजली बिलों में बेहिसाब बढ़ोतरी हुई है और आम आदमी पर महंगाई का नया बोझ लाद दिया गया है। अब सरकार यही प्रयोग शिवपुरी जिले में करने जा रही है, लेकिन कांग्रेस इसे किसी भी स्थिति में सफल नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि जबलपुर, मुरैना, गुना सहित कई जिलों में पहले ही लोग स्मार्ट मीटरों के खिलाफ रैलियाँ निकाल चुके हैं और विरोध दर्ज करा चुके हैं।
कांग्रेस करेगी आंदोलन, जनता के अधिकारों की लड़ेगी लड़ाई
मोहित अग्रवाल ने कहा कि यदि विद्युत विभाग जनता को गुमराह कर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाता है, तो जिला कांग्रेस पार्टी आक्रोश आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह मीटर बिजली की खपत को घटाने नहीं, बल्कि बढ़ाने का काम करेंगे। कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी और हर स्थिति में जनता के साथ खड़ी रहेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने शिवपुरीवासियों और जिलेभर की जनता से आह्वान किया कि वे आगे आएं और इस जनविरोधी कदम का विरोध करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता-जनार्दन की आवाज बनेगी और तब तक संघर्ष करेगी जब तक इन मीटरों की योजना पर रोक नहीं लग जाती।


