व्यापारियों और आमजन से की चर्चा, हाथ ठेले वालों से की दीपावली की खरीदारी
शिवपुरी। दीपावली की चहल-पहल और बाजारों में बढ़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ आज शहर के मुख्य बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा और शांति व्यवस्था का जायजा लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने थाना प्रभारियों, यातायात प्रभारी और पुलिस बल के साथ शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा किया। उन्होंने व्यापारियों और आमजन से बातचीत कर उनके सुझाव सुने और पुलिस द्वारा अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। श्री राठौड़ ने बताया कि दीपावली पर बाजारों में लोगों की आवाजाही अपराधियों के लिए अवसर बन सकती है। इसलिए समस्त थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे क्षेत्र में पुलिस की दृश्य उपस्थिति बनाए रखें, यातायात व्यवस्थित करें और शांति बनाए रखें। पुलिस अधीक्षक श्री राठौड़ ने हाथ ठेले वालों से भी दीपावली की खरीदारी की और सभी जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं प्रेषित की।


