राष्ट्रपति ने शिवपुरी कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी को किया सम्मानित

MP DARPAN
0

प्रधानमंत्री जनमन योजना में शिवपुरी देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला घोषित


शिवपुरी।
शिवपुरी जिले ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरव का परचम लहराया है। प्रधानमंत्री जनमन योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिवपुरी जिला देश का सर्वश्रेष्ठ परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट घोषित हुआ है। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने शिवपुरी कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित नेशनल कॉन्क्लेव आदि कर्मयोगी अभियान के दौरान राष्ट्रीय सम्मान, प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया। इस अवसर पर आदिवासी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर के चुनिंदा जिलों को सम्मानित किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश से शिवपुरी जिला एकमात्र चयनित जिला रहा। कार्यक्रम में जिला संयोजक राजकुमार सिंह, एसआरएलएम जिला प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद भार्गव, मास्टर ट्रेनर्स नंदकिशोर शर्मा, व्याख्याता जी.एम. खान और विकास गोयल भी उपस्थित रहे।

29 हजार से अधिक आवासों का निर्माण, शिवपुरी बना आदर्श मॉडल

कलेक्टर श्री चौधरी के नेतृत्व में जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना का क्रियान्वयन चरणबद्ध और सुनियोजित तरीके से किया गया। अब तक जिले में 29,000 से अधिक आवास निर्मित किए जा चुके हैं जो पूरे देश में सर्वाधिक हैं। इसके साथ ही आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट प्रोसेस लैब के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित कर ग्राम सभाओं, ट्रांजिट वॉक और विजन प्लान 2030 तैयार करने का कार्य भी पूर्ण किया गया है।

17 विभागों के समन्वय से बदल रही आदिवासी गांवों की तस्वीर

इस अभियान के तहत शासन के 17 विभाग मिलकर आदिवासी बाहुल्य गांवों के समग्र विकास पर कार्य कर रहे हैं। 8 विकासखंडों के चयनित गांवों में आदि सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। प्रत्येक गांव में विलेज एक्शन प्लान 2030 तैयार कर बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी आवश्यकताओं पर काम किया जा रहा है।

ग्राम स्तर पर समाधान, जिला स्तर पर निगरानी

कलेक्टर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत बनाए गए आदि सेवा केंद्रों पर ग्राम और विकासखंड स्तर के अधिकारी नियमित रूप से बैठकें लेकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। ग्राम पंचायत स्तर की समस्याओं का वहीं निस्तारण किया जाता है, जबकि बड़े मुद्दों का निराकरण विकासखंड या जिला स्तर से किया जा रहा है।

यह उपलब्धि टीम शिवपुरी की है : कलेक्टर रवीन्द्र चौधरी

सम्मान प्राप्ति के बाद कलेक्टर श्री चौधरी ने कहा कि यह सफलता शिवपुरी जिले के हर अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। यह टीम शिवपुरी की जीत है। उन्होंने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व सीईओ जिला पंचायत उमराव सिंह मरावी, हिमांशु जैन और पूर्व जिला संयोजक राजेन्द्र कुमार जाटव के योगदान की विशेष सराहना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top