शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में चल रहे बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी अभियान के अंतर्गत थाना रन्नौद पुलिस ने एक नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
रन्नौद थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान के अनुसार, 23 अक्टूबर 2025 को एक फरियादी उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम टोकनी ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए कहीं चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना रन्नौद में अपराध क्रमांक 169/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने प्रभावी सुराग-साधना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ग्राम मोहराई थाना इंदार में दबिश देकर अपहृता को सकुशल दस्तयाब किया और आरोपी अतुल केवट निवासी ग्राम बेदमऊ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रन्नौद उप निरीक्षक अरविन्द सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक प्रदीप गुर्जर, आरक्षक वकील गुर्जर, एवं महिला आरक्षक कृष्णा पाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


