शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना बैराड़ पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर कौशल को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सकतपुर में बिक्की ढाबा के पास एक व्यक्ति अवैध देशी कट्टा लेकर किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी विक्रम उर्फ बिक्की धाकड़ पुत्र ओमप्रकाश धाकड़ उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम सकतपुर, थाना बैराड़ को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा एवं एक जिंदा राउंड बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 5000 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 380/2025 धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पर पूर्व में भी अपराध क्रमांक 298/25 धारा 34(1) आबकारी एक्ट का मामला दर्ज है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर कौशल, सउनि सोवरन सिंह सिसौदिया, आरक्षक राजेन्द्र प्रसाद, लोकेन्द्र सिंह, शोभाराम मीणा, मांगीलाल गुर्जर, लाल सिंह, महिला आरक्षक वर्षा जाटव तथा निशा गोंड की विशेष भूमिका रही।


