शिवपुरी। दीपावली और अन्य आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा दल सक्रिय हो गया है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले खाद्य एवं अपमिश्रण विभाग द्वारा जिले के कई प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाकर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु भोपाल प्रयोगशाला भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला अभिहित अधिकारी खाद्य एवं अपमिश्रण डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी के निर्देशानुसार पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। खाद्य सुरक्षा निरीक्षकों की टीमों ने जिले के विभिन्न कस्बों और बाजारों में पहुंचकर मिष्ठान भंडारों, नमकीन विक्रेताओं और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी कारोबारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता और अधिनियम के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अभियान के तहत साईं सुमित मिष्ठान भंडार पिछोर से पनीर (खुला) एवं मावा बर्फी, लक्ष्मण मिष्ठान भंडार पिछोर से बेसन के लड्डू और मावा बर्फी, अग्रवाल मिष्ठान भंडार शिवपुरी से नमकीन सेव, मां गायत्री मिष्ठान भंडार रन्नौद से मावा, पनीर एवं बेसन के लड्डू, खान केक पॉइंट करैरा से मिल्क केक, मिल्क पाउडर एवं शक्कर, न्यू राजस्थान स्वीट होम खनियाधाना से रबड़ी, दही और मोतीचूर लड्डू एवं हरिशंकर अशोक कुमार शिवपुरी से ज्योति किरण ब्रांड सरसों तेल के नमूने लिए गए। डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए भोपाल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर जिन प्रतिष्ठानों के उत्पादों में मिलावट पाई जाएगी, उनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


