शिवपुरी। फिजीकल थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक दो वर्षीय गुमशुदा बालिका को उसके परिजनों से मिलवाने में सफलता हासिल की। पुलिस की तत्परता और सजगता से मासूम के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और परिजनों की आंखों से राहत के आंसू झलक पड़े।
फिजीकल थाना प्रभारी नवीन यादव के अनुसार 10 अक्टूबर 2025 को सूचना प्राप्त हुई कि सईसपुरा नरिया के पास करीब दो वर्ष की एक अज्ञात बच्ची अकेली भटक रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित थाना लाकर देखरेख में रखा गया। इसके बाद पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में पूछताछ, सोशल मीडिया पर सूचना प्रसारित, तथा कंट्रोल रूम शिवपुरी देहात और कोतवाली पुलिस को सूचित कर परिजनों की तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान बच्ची के परिजन माता सपना पत्नी प्रमोद वंशकार निवासी बहादुरपुर, जिला अशोकनगर थाना पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे सईसपुरा में अपनी बहन भारती के यहां आए हुए थे, जहां खेलते-खेलते बच्ची अचानक गुम हो गई थी। थाना पुलिस ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद बच्ची को उसके माता-पिता को सुपुर्द किया। थाना प्रभारी और उनकी टीम की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।


