डॉ. अजय खेमरिया बने मप्र के नए नि:शक्तजन आयुक्त, बधाईयों का लगा तांता

MP DARPAN
0

शिवपुरी। मध्यप्रदेश शासन ने शिवपुरी जिले के वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी एवं मंगलम संस्था के संचालक डॉ. अजय खेमरिया को राज्य का नया नि:शक्तजन (दिव्यांगजन) आयुक्त नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद प्रदेशभर से शुभकामनाओं और बधाइयों का तांता लग गया है।

राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. खेमरिया का पद राज्य सरकार के सचिव के समकक्ष रहेगा। आयुक्त का कार्यालय दिव्यांगजन न्यायालय के रूप में कार्य करेगा तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के प्रभावी प्रवर्तन का दायित्व निभाएगा। उनका चयन तीन सदस्यीय राज्य स्तरीय सर्च कमेटी की अनुशंसा पर किया गया है। डॉ. खेमरिया की यह नियुक्ति मध्यप्रदेश में विकलांगजन कल्याण और समावेशी विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने हमेशा समाज के वंचित वर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए संवेदनशील दृष्टिकोण और परिणाममुखी कार्यशैली अपनाई है। पत्रकारिता के साथ-साथ अजय खेमरिया ने सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। शिवपुरी में संचालित उनकी संस्था मंगलम वर्षों से दिव्यांगजनों, अनाथ बच्चों और वंचित वर्गों के उत्थान में कार्यरत है। श्री खेमरिया बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष और पीजी कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके हैं। डॉ. खेमरिया की नियुक्ति से शिवपुरी सहित पूरे प्रदेश में गर्व और हर्ष का माहौल है। सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और नागरिकों ने कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता और संवेदनशील दृष्टिकोण से दिव्यांगजनों के अधिकारों और सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top