शिवपुरी। यूआईटी आरजीपीवी कॉलेज की अव्यवस्थाओं को लेकर आज एनएसयूआई टीम ने बड़ा कदम उठाया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शांतनु सिंह कुशवाह के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने उपनिदेशक एस.के. धाकड़ को ज्ञापन सौंपा और कॉलेज में व्याप्त गंदगी, असुरक्षा और लापरवाही पर तीखी आपत्ति जताई।
निरीक्षण के दौरान एनएसयूआई टीम ने कॉलेज की भयावह तस्वीर सामने रखी। वॉटर कूलर में मेंढक तैरते मिले, परिसर में मृत सांप पड़ा मिला, जगह-जगह मधुमक्खियों के छत्ते लटके हैं, वहीं हॉस्टल में आवारा कुत्तों का आतंक देखा गया। ओपन ऑडिटोरियम में वर्षों से पानी भरा है, जिससे मच्छरों का लार्वा पनप रहा है और बदबू फैली हुई है। कॉलेज ग्राउंड में लम्बी घास खड़ी है, जिससे सांप-बिच्छू का खतरा बना हुआ है। एनएसयूआई ने ज्ञापन में हॉस्टल की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, कैंटीन सुधार, इंटरनेट की सुविधा, बस सेवा, पुस्तकालय समय निर्धारण और कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था जैसी छात्रहित की मांगें रखीं। जिलाध्यक्ष कुशवाह ने कहा कि छात्र पढ़ने आते हैं, बीमार होने नहीं। यदि प्रशासन ने तत्काल सुधार नहीं किए तो एनएसयूआई आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर एनएसयूआई कार्यकर्ता शुभम धाकड़, राहुल प्रजापति, रौनक बुद्धराज सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


