जेरवा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी पति 4 घंटे में गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम जेरवा में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां पति ने आपसी झगड़े के चलते कुल्हाड़ी से वार कर अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही करैरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 4 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। मामला अपराध क्रमांक 855/25 के तहत दर्ज किया गया है।

करैरा टीआई विनोद छावई के अनुसार, 23 दिसंबर 2025 की रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच फरियादी अरविन्द्र गुर्जर उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम जेरवा, अपने बच्चों के साथ पास के घर में सो रहा था, जबकि उसकी मां पार्वती और पिता कुंदन गुर्जर दूसरे कमरे में थे। देर रात माता-पिता के बीच विवाद और झगड़े की आवाजें आने पर अरविन्द्र मौके पर पहुंचा, जहां उसने देखा कि उसके पिता कुंदन गुर्जर हाथ में कुल्हाड़ी लिए खड़े थे और यह कहते हुए वहां से भाग गए कि मैंने तेरी मां को मार दिया, रोज-रोज की चिक-चिक से परेशान था। अरविन्द्र जब कमरे में पहुंचा तो उसकी मां पार्वती खाट पर पड़ी थी, जिनके बाएं कान के पास और बाएं कंधे पर कुल्हाड़ी के गंभीर घाव थे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। मौके पर ही महिला की मृत्यु हो चुकी थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना करैरा में आरोपी पति के विरुद्ध धारा 103 बीएएस के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर गंभीर अपराधों में जीरो टालरेंस की नीति अपनाते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक श्री विनोद छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपी कुंदन पुत्र जगदीश सिंह गुर्जर उम्र 48 वर्ष को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विनोद छावई, उप निरीक्षक राधेश्याम शिवहरे, प्रआर राजेश शर्मा, आरक्षक हरेन्द्र सिंह, राधेश्याम जादौन, मत्स्येन्द्र गुर्जर, सुरेन्द्र रावत एवं आर चालक रामअवतार गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top