आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का बड़ा खुलासा, करैरा पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

MP DARPAN
0

शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के एक गंभीर और संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 856/25 के तहत की गई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

करैरा थाना पुलिस विनोद छावई के अनुसार, फरियादी बृजेश कुमार जाटव उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम टोकनपुर ने थाना करैरा में मौखिक सूचना दर्ज कराई कि दिनांक 21 दिसंबर 2025 की रात वह अपने पिता के साथ भोजन कर सो गया था। अगले दिन तड़के लगभग 4 बजे वह और उसके पिता खेतों में पानी देने गए। बृजेश दूसरे खेत में पानी दे रहा था, जबकि उसके पिता पास के खेत में चले गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब वह खोजते हुए सुल्लू जाटव के खेत के पास पहुंचा, तो उसने देखा कि उसके पिता नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी पर लटके हुए थे। जांच में सामने आया कि वर्ष 2019 में हुए एक एक्सीडेंट के मामले को लेकर ग्राम टोकनपुर निवासी लक्ष्मी जाटव, राजेन्द्र जाटव एवं उसका पुत्र आशिक जाटव मृतक से लगातार पैसों की मांग कर रहे थे। मृतक ने पहले ही आरोपियों को 10 फीट जमीन और 35 हजार रुपये नगद दे दिए थे, इसके बावजूद तीन लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर मृतक ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 123/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ कर परिजनों के बयान दर्ज किए। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर, अति. पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई व उनकी टीम ने आरोपियों लक्ष्मी जाटव उम्र 42 वर्ष, राजेन्द्र जाटव उम्र 38 वर्ष एवं आशिक जाटव उम्र 19 वर्ष को ग्राम टोकनपुर से गिरफ्तार किया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विनोद छावई, उनि पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, उनि अंजली सिंह, आर. जितेन्द्र कुमार, आर. राधेश्याम जादौन, आर. मनीष कोरी एवं आर. मुकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top