शिवपुरी। ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार देर रात कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। बिना पूर्व सूचना पहुंचे प्रभारी मंत्री ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद किया। निरीक्षण के दौरान कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव, एसडीएम अनूप श्रीवास्तव, तहसीलदार कोलारस, बीएमओ संजय राठौर, उपमहाप्रबंधक विश्व भूषण उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत जनरल वार्ड से की गई, जहां प्रभारी मंत्री ने भर्ती मरीजों से उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं स्टाफ के व्यवहार को लेकर चर्चा की। इसके बाद वे प्रसवोत्तर वार्ड पहुंचे और वहां भर्ती प्रसूताओं एवं उनके परिजनों से जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने कहा कि वे केवल जिले के प्रभारी मंत्री ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश सरकार एवं केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रतिनिधि के रूप में यहां आए हैं और यह जानना चाहते हैं कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सही ढंग से पहुंच रहा है या नहीं। प्रसूताओं ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें नियमित रूप से चिकित्सकीय देखभाल के साथ पोषण आहार के रूप में प्रतिदिन दो लड्डू प्रदान किए जा रहे हैं। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने अस्पताल परिसर में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां भर्ती कुपोषित बच्चों की स्थिति, उपचार एवं पोषण व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री ने देर रात पैदल भ्रमण कर नगर की सड़कों एवं विद्युत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने रास्ते में स्थित ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित सहायक अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ट्रांसफार्मर के आसपास रहने वाले नागरिकों से विद्युत आपूर्ति के संबंध में चर्चा की, जिस पर नागरिकों ने संतोषजनक विद्युत आपूर्ति मिलने की जानकारी दी।


