राष्ट्रीय गणित दिवस पर सरस्वती विद्यापीठ में बौद्धिक उत्सव का आयोजन

MP DARPAN
0

शिवपुरी। सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं शैक्षणिक वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर गणितीय गतिविधियों, बौद्धिक चर्चाओं और विद्यार्थियों के उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 शिवपुरी के वरिष्ठ गणित अध्यापक सुदर्शन गुप्ता उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय शिवपुरी के प्रबंधक श्री पवन शर्मा ने की। अतिथियों का परिचय आचार्य श्री महेंद्र अहिरवार द्वारा कराया गया तथा श्री अवनीश श्रीवास्तव एवं श्री विपिन बिहारी राजपूत द्वारा श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि सुदर्शन गुप्ता ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि श्रीनिवास रामानुजन गणित के सच्चे जादूगर थे। सीमित संसाधनों और औपचारिक उच्च शिक्षा के अभाव में भी उन्होंने गणित के क्षेत्र में विश्व को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गणित केवल अंकों का खेल नहीं, बल्कि जीवन को तार्किक, अनुशासित और व्यवस्थित ढंग से जीने की कला है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, विश्लेषण क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करते हैं। विद्यालय के प्राचार्य लोकेंद्र सिंह मेवाड़ा ने विद्यार्थियों को रामानुजन के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश देते हुए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और जिज्ञासा के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर त्वरित गणना, प्रश्न मंच, पहाड़ा (सीधे व उल्टे), चित्रकला एवं रंगोली सहित विविध प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर बधाई दी गई। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार आचार्य उदयवीर विश्वकर्मा ने व्यक्त किया। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top