बदरवास में संगठित धर्मांतरण का बड़ा षड्यंत्र उजागर, 6 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को दुर्व्यपदेशन और प्रलोभन के माध्यम से सामूहिक रूप से धर्म परिवर्तन कराने के गंभीर षड्यंत्र का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बदरवास पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 6 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रकरण में अपराध क्रमांक 331/2025 के तहत मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 3, 4 एवं मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3, 5 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

यह मामला दिनांक 22 दिसंबर 2025 को ग्राम घूघला निवासी हमीर सिंह भील उम्र 32 वर्ष द्वारा थाना बदरवास में प्रस्तुत शिकायत से सामने आया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम घूघला में पादरी अमजी भील, शिक्षक वीरेन्द्र कुमार तिर्की (पिपरौदा बसाई), शिक्षिका अनीता भगत (गुडालडांग), शिक्षिका राजपति बाई (अगरा) एवं पटवारी सुगनचंद उर्फ सुगनशाह पैकरा (गुडालडांग) द्वारा अनुसूचित जनजाति के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए बहकाया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि बहादुर भील एवं सोमला भील के घर पर आयोजित बैठक में प्रत्यक्ष रूप से धर्म परिवर्तन का षड्यंत्र रचा जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गरीब आदिवासी परिवारों को बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने, बच्चियों की शादी कराने, नौकरी लगवाने तथा धर्म परिवर्तन करने पर प्रति व्यक्ति 25-25 हजार रुपये देने का लालच देकर हिन्दू धर्म से ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। आरोपियों द्वारा वितरित धर्मांतरण से संबंधित सामग्री भी फरियादी से जब्त की गई है। विवेचना में यह भी पाया गया कि आरोपीगण पिछले 4 से 5 वर्षों से इस गतिविधि में संलग्न थे। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्री अमन सिंह राठौड़ ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बदरवास निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों अमजी भील उम्र 50 वर्ष, वीरेन्द्र कुमार तिर्की उम्र 54 वर्ष, सुगनचंद उर्फ सुगनशाह पैकरा उम्र 52 वर्ष, राजपति बाई तिर्की उम्र 51 वर्ष एवं अनीता भगत उम्र 52 वर्ष को विधिवत गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि आरोपी सुगनशाह पैकरा वर्तमान में पटवारी के पद पर पदस्थ है, वहीं अन्य आरोपी लंबे समय से शिक्षक पद पर कार्यरत रहे हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक रोहित दुबे सहित उनि रंगलाल मेर, सउनि राकेश शिवहरे, सउनि जगदीश पारासर, सउनि रघुवीर सिंह, सउनि गोपाल बाबू, प्रआर जितेन्द्र करारे, आरक्षक रिंकू माहौर, थानसिंह, अनिल कुमार, दीपक शर्मा एवं महिला आरक्षक पूजा शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top