गुना। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर मनाए जा रहे अटल स्मृति वर्ष एवं वीर बाल दिवस के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला गुना के नेतृत्व में बुधवार को नगर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अटल जी की जन्मजयंती के पूर्व जयस्तंभ चौराहा गुना पर किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान जयस्तंभ चौराहे एवं उसके आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई तथा पानी से धुलाई कर स्थल को स्वच्छ और सुंदर बनाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं महिलाएं शामिल रहीं, जिन्होंने श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष राधेश्याम पारिक, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह सलूजा, महामंत्री चंद्रप्रकाश अहिरवार, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह धाकड़, वरिष्ठ नेता विकास जैन नखराली, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत, परेश भार्गव, रामकुमार शर्मा, निखिल अरोरा, महामंत्री रवि गुर्जर, उपाध्यक्ष नीतेश भार्गव, मीडिया प्रभारी मुकेश ओझा सहित अनेक पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि अटल स्मृति पर्व पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसका उद्देश्य उनके विचारों, आदर्शों और राष्ट्रसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी क्रम में बुधवार सायंकाल 6 बजे दीपोत्सव कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है, जिसमें सभी नगरवासियों से सहभागिता की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी के समापन अवसर पर देशभर में विविध सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वहीं 26 दिसंबर को साहिबजादों की शहादत को स्मरण करते हुए वीर बाल दिवस के अवसर पर भी सेवा कार्य कर राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के प्रति सम्मान प्रकट किया जाएगा।


