खनियांधाना। क्षेत्र के ग्राम पिपरा में लगभग 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जैन समाज द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक श्री जिनेन्द्र शोभायात्रा एवं विमानोत्सव का आयोजन 9 एवं 10 जनवरी को धूमधाम से किया जा रहा है। इस पावन आयोजन को लेकर ग्राम सहित संपूर्ण चौरासी क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है। देश-विदेश में निवासरत जैन श्रद्धालु भी इस धार्मिक महोत्सव में सहभागिता के लिए पिपरा पहुंच रहे हैं।
दो दिवसीय इस आयोजन की शुरुआत 9 जनवरी को प्रातः 7 बजे से अभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं श्री यागमंडल विधान के साथ हुई। इसके पश्चात दोपहर में मंदिर के शिखर पर विधि-विधानपूर्वक भव्य कलशारोहण संपन्न कराया गया। संध्या काल में संगीतमय आरती के साथ पहला दिन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। स्थानीय जैन समाज के पदम जैन ने बताया कि संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी विजय भैया जी (लखनादोन) के सान्निध्य में शास्त्रोक्त विधि से संपन्न कराए जा रहे हैं। मुख्य आयोजन 10 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे से होगा, जब श्री जिनेन्द्र भगवान को भव्य रथ में विराजमान कर विमानोत्सव निकाला जाएगा। यह शोभायात्रा पूरे ग्राम की परिक्रमा करते हुए आयोजन स्थल पहुंचेगी, जहां सौधर्म आदि चार इंद्रों द्वारा भगवान का अभिषेक एवं पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर बाहर से पधारे साधर्मी जनों के लिए वात्सल्य भोज का पुण्यलाभ स्व. नाथूराम नेता जी के परिवार सनत जैन, जितेन्द्र जैन, महेन्द्र जैन, राजेश जैन, मनोज जैन, अविनाश जैन (यूके) एवं प्रमोद जैन को प्राप्त हुआ है। फेडरेशन के सचिन मोदी ने बताया कि ग्राम पिपरा में सैकड़ों वर्ष प्राचीन भव्य जैन मंदिर स्थित है। समय के साथ समाजजन रोजगार व व्यापार के कारण नगरों की ओर चले गए, लेकिन वर्षों से मंदिर में भव्य आयोजन की भावना सभी के मन में थी। इसी उद्देश्य से मंदिर का व्यापक जीर्णोद्धार, सुंदर धर्मशाला एवं संत निवास का निर्माण कराया गया।


