माढ़ा घाटी पर तहसीलदार की बोलेरो पलटी, दो घायल

MP DARPAN
0

सिंधिया दौरे की प्रशासनिक ड्यूटी से जुड़ा मामला, बाइक बचाने में हुआ दुर्घटनाग्रस्त

शिवपुरी। रन्नौद थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह माढ़ा घाटी पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रन्नौद तहसीलदार की बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन चालक सहित दो लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त रन्नौद तहसीलदार कल्याण सिंह जाटव वाहन में मौजूद नहीं थे, अन्यथा घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के शिवपुरी जिले के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां चल रही थीं। इसी क्रम में कोलारस में नायब तहसीलदार आशीष जैन की ड्यूटी लगाए जाने के कारण रन्नौद तहसीलदार की बोलेरो को रन्नौद से कोलारस बुलाया गया था। वाहन को कार्यक्रम उपयोग के लिए तैयार करने हेतु वाहन मालिक रामस्वरूप धाकड़ और चालक रन्नौद रेस्ट हाउस से पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही बोलेरो माढ़ा घाटी से गुजर रही थी, तभी अचानक सामने आई एक बाइक को बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो पलट गई। हादसे के समय वाहन चालक की सीट पर स्वयं वाहन मालिक रामस्वरूप धाकड़ मौजूद थे। तेज झटके के कारण वाहन सड़क किनारे पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद संयोगवश केंद्रीय मंत्री सिंधिया के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे रन्नौद मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, पार्षद राजकुमार रजक एवं श्याम मौके पर पहुंच गए। तीनों ने तत्परता दिखाते हुए मानवता का परिचय दिया और पलटे वाहन से दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वाहन से तत्काल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही रन्नौद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार एवं अचानक बाइक सामने आना बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top