बुधवार से था लापता, सुसाइड नोट नहीं मिला
शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-46 पर गांधी पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खाली खेत की मेड़ पर बबूल के पेड़ से 35 वर्षीय चरवाहे का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान लक्ष्मण पुत्र नकटू जाटव निवासी क्षेत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार लक्ष्मण जाटव बुधवार शाम करीब 5 बजे दूध लेने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर और गुरुवार सुबह से उनकी तलाश शुरू की। दोपहर करीब 2 बजे सूचना मिली कि गांधी पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान लक्ष्मण के रूप में की। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारकर शासकीय अस्पताल कोलारस पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मण पेशे से चरवाहा था, विवाहित था और उसके परिवार में दो पुत्र एवं एक विवाहित पुत्री है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस बना हुआ है।


