शिवपुरी। अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धरपकड़ को लेकर शिवपुरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना फिजीकल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार, अवैध खनन व परिवहन, अवैध शराब तथा वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवपुरी एवं सीएसपी शिवपुरी के मार्गदर्शन में थाना फिजीकल पुलिस ने यह कार्रवाई की। 18 जनवरी 2026 को थाना फिजीकल पुलिस ने 4 वर्षों से माननीय न्यायालय के प्रकरण क्रमांक 138/21 एनआई एक्ट में फरार चल रहे गिरफ्तारी वारंटी वनवारी पुत्र सुभाष खटीक निवासी कमलागंज, शिवपुरी को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 1 वर्ष से प्रकरण क्रमांक 470/25 विद्युत अधिनियम में फरार चल रहे गिरफ्तारी वारंटी सुनील पुत्र उदुआराम शाक्य निवासी घोषीपुरा, शिवपुरी को भी पुलिस ने दबोच लिया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूती मिली है और अपराधियों में पुलिस का भय बढ़ा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी फरार आरोपियों के विरुद्ध इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नम्रता भदौरिया, प्रधान आरक्षक श्याम शर्मा, अंकित सिंह, चालक प्रधान आरक्षक सुशील जाट, आरक्षक प्रेम रावत, सागर भारद्वाज एवं सैनिक मनोज शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


