स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, 7 सीएचओ, 18 एएनएम व 16 आशा सुपरवाइजर को नोटिस

MP DARPAN
0

शिवपुरी। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा पिछोर एवं खनियाधाना विकासखंड में पदस्थ 106 मैदानी स्वास्थ्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें 7 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), 18 एएनएम एवं 16 आशा सुपरवाइजर शामिल हैं। गत दिवस पिछोर व खनियाधाना में आयोजित स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में शिशु मृत्यु दर, गर्भवती महिलाओं की समग्र आईडी अद्यतन न होने एवं 70 वर्ष से अधिक आयु के हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण में गंभीर लापरवाही सामने आई थी। इस पर कलेक्टर ने दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की समग्र आईडी अपडेट न करने पर पिछोर की 6 एवं खनियाधाना की 3 एएनएम, एक सीएचओ तथा 5 आशा सुपरवाइजर को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं सर्वाधिक शिशु मृत्यु वाले ग्रामों में सेवाएं दे रहे 3 सीएचओ, 4 एएनएम एवं 8 आशा सुपरवाइजर को भी कारण बताओ सूचना पत्र दिया गया है। इसके अतिरिक्त 70 वर्ष से अधिक आयु के हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण में रुचि न लेने पर 5 एएनएम, 3 सीएचओ एवं 3 आशा सुपरवाइजर के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। डॉ. ऋषीश्वर ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित कर्मचारियों द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा सुपरवाइजर को निष्क्रिय घोषित किया जाएगा तथा सीएचओ व एएनएम के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top