आबकारी नीति 2026-27 को लेकर शिवपुरी में मंथन, राजस्व वृद्धि पर जोर

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिला आबकारी कार्यालय शिवपुरी में 17 जनवरी 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आबकारी, संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा एवं जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े ने की। बैठक में शिवपुरी जिले के समस्त मदिरा अनुज्ञप्ति धारियों तथा आबकारी कार्यपालक अधिकारियों ने सहभागिता की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य नवीन ठेका वर्ष 2026-27 में मदिरा दुकानों के निष्पादन को लेकर संभावनाओं, योजनाओं एवं रणनीतियों पर विस्तृत विमर्श करना रहा। इस दौरान शहर में संचालित मदिरा दुकानों के पुनर्स्थापन, सीमा विस्तार, दुकानों हेतु शासकीय भूमि की उपलब्धता एवं उपयुक्तता पर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही समूहों के स्वरूप में परिवर्तन, पुनर्गठन एवं सीमा विस्तार को लेकर प्राप्त सुझावों पर गहन चर्चा की गई। अधिकारियों ने नवीन आबकारी नीति के अनुरूप राजस्व वृद्धि सुनिश्चित करने हेतु योजनाबद्ध ढंग से मदिरा दुकानों के निष्पादन पर बल दिया। बैठक में सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक एवं जिले के सभी अनुज्ञप्ति धारी उपस्थित रहे।

पर्यटन को लेकर भी हुई सकारात्मक पहल

बैठक के उपरांत जिला पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी सार्थक संवाद हुआ। शिवपुरी जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सचिव शुभम दांगोड़े द्वारा परिषद का वर्ष 2026 का नवीन कैलेंडर उपायुक्त आबकारी संदीप शर्मा को भेंट किया गया। इस अवसर पर शिवपुरी के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों एवं भविष्य की पर्यटन संभावनाओं पर चर्चा की गई। सभी ने शिवपुरी को एक सशक्त पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने हेतु समन्वित प्रयासों पर सहमति व्यक्त की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top