शिवपुरी। रीवा के ग्राम लोही में गरीब परिवार के साथ हुई कथित अन्यायपूर्ण कार्रवाई को लेकर संपूर्ण सेन समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्राम लोही निवासी रामनाथ सेन के घर को भूमाफिया द्वारा अवैध रूप से गिराए जाने के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज शिवपुरी सेन समाज विकास संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है।
शिवपुरी सेन समाज विकास संगठन शिवपुरी ने ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया है कि दिनांक 16 दिसंबर 2025 को स्थानीय भूमाफिया वरुण मिश्रा ने राजनीतिक दबाव का दुरुपयोग करते हुए तहसीलदार एवं पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से रामनाथ सेन का आवास बलपूर्वक और अवैध रूप से गिरवा दिया। इस कार्रवाई के बाद पीडि़त परिवार कड़ाके की ठंड में पन्नी के नीचे रहने को मजबूर है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान सैकड़ों गुंडों की मौजूदगी में फायरिंग कराई गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। पीडि़त परिवार जब न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंचा तो शिकायत दर्ज करने के बजाय पुलिस द्वारा उन्हें जेल भेजने की धमकी दी गई, जिसे सेन समाज ने संविधान, कानून और मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताया है। न्याय न मिलने से विवश होकर पीडि़त परिवार 5 जनवरी 2026 से शांतिपूर्ण धरने पर बैठा हुआ है, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इससे सेन समाज में गहरा रोष है। सेन समाज विकास संगठन के अध्यक्ष धनीराम सेन धन्नू ने बताया कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं बल्कि प्रशासनिक संरक्षण में पनप रही भूमाफियागिरी का गंभीर उदाहरण है। समाज ने मांग की है कि पीडि़त रामनाथ सेन को तत्काल न्याय दिलाया जाए, भूमि और मकान का अधिकार पुन: दिया जाए, हुई आर्थिक क्षति की भरपाई कराई जाए तथा भूमाफिया, फायरिंग में शामिल गुंडों, दोषी पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सेन समाज सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में सेन समाज जिलाध्यक्ष धनीराम सेन, नारायण सेन नानक, सुरेश सेन, लालचंद सेन, महेश सेन, शिवदयाल सेन, नवनीत सेन, ललित सेन, भरत सेन, राकेश सेन, नरेंद्र सेन, बीके सेन, आनंद सेन, रिंकू सेन एवं समस्त समाज मौजूद रही।



