शिवपुरी। वनमंडल शिवपुरी के अंतर्गत वन परिक्षेत्र पोहरी द्वारा विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए अनुभूति जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रभावशाली आयोजन कूनो वन क्षेत्र की मोरावन पूर्व रेंज स्थित दौलतपुर नेचर ट्रेल पर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और वन जीवन से प्रत्यक्ष रूप से जोडऩा रहा।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छर्च के छात्र-छात्राओं को वन क्षेत्र का भ्रमण कराते हुए विभिन्न वृक्ष प्रजातियों, जंगली जानवरों, पक्षियों, पारिस्थितिकी तंत्र, खाद्य श्रृंखला तथा वन विभाग के पदानुक्रम की व्यवहारिक जानकारी दी गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रुति राठौर के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों में पर्यावरण के प्रति नई चेतना जागृत की। मिशन लाइफ के अंतर्गत अनुभूति की थीम मैं हूँ धरती का दूत को आत्मसात कर बच्चों को अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर प्रो प्लैनेट पीपल बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पॉलीथिन के उपयोग को पूरी तरह बंद करने, गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई तथा बच्चों को कपड़े का झोला बनाना भी सिखाया गया। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। विभिन्न शैक्षणिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के लिए नाश्ता एवं भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई। इस अवसर पर नगर परिषद पोहरी की उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णा संजीव शर्मा, शिक्षकगण, परिक्षेत्र सहायक नवलकिशोर शर्मा, प स छर्च गिर्राज शर्मा, प स भैंसरावन कन्हैयालाल राजे, ग्राम वन समिति के सदस्य एवं वन अमला उपस्थित रहा।


