शिवपुरी। ग्राम पिपरियाखेड़ा में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र जैन गोटू ने अपने नाती आर्यवीर के जन्मदिन को सेवा और संवेदना के साथ मनाकर समाज के लिए प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने छोटे बच्चों के साथ खुशियाँ बाँटी और सर्दी से बचाव के लिए नन्हे बच्चों को गर्म वस्त्र वितरित किए। आर्यवीर श्रीमती कनिका-आयुष जैन पत्ते वाले के सुपुत्र हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखते ही वातावरण भावुक और उल्लासपूर्ण हो गया। जितेन्द्र जैन गोटू ने कहा कि बच्चों को वस्त्र देकर ऐसा अनुभव हुआ, मानो ईश्वर की सच्ची सेवा करने का सौभाग्य मिला हो। उन्होंने बताया कि वे हर वर्ष जन्मदिन जैसे पारिवारिक अवसरों को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाते हैं, जिससे आत्मिक संतोष मिलता है। उन्होंने कहा कि मुस्कुराते चेहरे ही जीवन की असली पूँजी हैं और यही जन्मदिन की वास्तविक सार्थकता भी है। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया। अंत में सभी ने आर्यवीर के स्वस्थ, दीर्घायु और संस्कारी जीवन की कामना की।


