राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में शिवपुरी का शानदार प्रदर्शन
शिवपुरी। ग्वालियर में आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में शिवपुरी की बालिका टीम शानदार खेल दिखाते हुए अगले दौर में पहुंच गई है। 28 से 31 जनवरी 2026 तक चल रही इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 35 जिलों की टीमें भाग ले रही हैं, लेकिन शिवपुरी की बेटियों ने अपने खेल से अलग पहचान बनाई है।
पहले मुकाबले में शिवपुरी और शाजापुर के बीच रोमांचक टक्कर हुई। निर्धारित समय तक मैच 1-1 की बराबरी पर रहा, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में शिवपुरी ने 3-0 से जीत दर्ज कर जीत का आगाज किया। दूसरे मैच में तो शिवपुरी की टीम ने गोलों की झड़ी लगा दी। अशोकनगर के खिलाफ 9-0 की एकतरफा जीत में सानिया खान (2), प्रियंका वाल्मीकि (1), आरजू (1), तनुष्का (1), बंदना (1), नंदिनी (1) और कंचन (2) ने शानदार गोल दागे। अब शिवपुरी की टीम 30 जनवरी को इंदौर से भिड़ेगी। कप्तान प्रियंका वाल्मीकि के नेतृत्व में टीम शानदार तालमेल दिखा रही है। कोच शैलेंद्र बुंदेला और मैनेजर राहुल नरवरिया के मार्गदर्शन में खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। टीम की जीत पर जिला खेल अधिकारी डॉ. के.के. खरे, जिला खेल अधिकारी चंद्रशेखर बैमटे, जिला हॉकी संघ अध्यक्ष साहब सिंह कुशवाह, संजीव पांडे, अजय बाथम, उबेर आदिल सहित खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त कर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।


