सराफा व्यापारियों ने करोड़ों की चोरी का खुलासा करने पर एसपी राठौड़ का किया सम्मान

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कोलारस नगर में सराफा व्यापारी की दुकान में हुई बड़ी चोरी का त्वरित व सफल खुलासा कर 1 करोड़ 53 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद करने पर सराफा व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ का सम्मान किया। शुक्रवार को सराफा व्यापारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां फूल-मालाओं से स्वागत कर पुलिस की सराहनीय कार्यप्रणाली के लिए आभार व्यक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि 26-27 जुलाई 2025 की रात्रि को कोलारस सदर बाजार निवासी सराफा व्यापारी गिरीश कुमार जैन की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य के इस्तेमाली जेवरात चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना कोलारस पर अपराध क्रमांक 285/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं निगरानी करते हुए विशेष टीमों का गठन किया। उनके निर्देशन में पुलिस टीमों ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की तथा लगभग 100 संदिग्धों से पूछताछ की। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सटीक सूचनाएं जुटाई गईं। पुलिस की सतर्कता और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप चोरी का सफल खुलासा करते हुए 1 करोड़ 53 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए तथा घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस उल्लेखनीय सफलता पर सराफा व्यापारी तेजमल सांखला सहित अन्य व्यापारियों ने शिवपुरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्री राठौड़ के नेतृत्व की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए सम्मान किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top