शिवपुरी। तेंदुआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथ भट्टी से बनी कच्ची और संभावित रूप से जहरीली शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से 10 लीटर अवैध शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, मादक पदार्थों और नशीले तत्वों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में तेंदुआ थाना पुलिस को 11 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खरई में एक युवक अवैध कच्ची शराब बेच रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकती है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू सिंह धाकड़ ने टीम गठित कर तत्काल ग्राम खरई में दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अरविन्द्र उर्फ गुण्डा पुत्र लल्लू आदिवासी उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम खरई थाना तेंदुआ बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से प्लास्टिक की कट्टी में रखी लगभग 10 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 49(क) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीतू सिंह धाकड़, सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र जाट, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र सिंह सोलंकी, आरक्षक केदारीलाल अहिरवार, भुवनेश शर्मा और प्रवेश कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


