शिवपुरी। पिछोर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से देशी प्लेन शराब की 7 पेटियां जब्त कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 फरवरी 2026 को थाना प्रभारी पिछोर निरीक्षक नीतू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नई बस्ती पिछोर क्षेत्र में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखे हुए है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति देशी शराब की पेटियों के साथ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम टिंकू उर्फ जयपाल पुत्र सरूप सिंह नरवरिया उम्र 44 वर्ष निवासी नई बस्ती पिछोर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 50 क्वार्टर के हिसाब से कुल 350 क्वार्टर, लगभग 63 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 24,500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 65/26 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उपनिरीक्षक कमल सिंह बंजारा, उपनिरीक्षक अरविंद सगर, आरक्षक हाकिम वर्मा, बचान सिंह तोमर, कमल गुर्जर और धर्मेन्द्र लोधी की सराहनीय भूमिका रही।


