शिवपुरी। शहर में हॉस्टल से लापता हुए तीन नाबालिग बालकों को कोतवाली पुलिस ने महज कुछ घंटों की सघन तलाश के बाद गुना रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की जमकर सराहना की।
12 फरवरी को फरियादी द्वारा सूचना दी गई थी कि हॉस्टल में रहने वाले 14, 15 और 17 वर्षीय तीनों बालक बिना बताए कहीं चले गए हैं। मामला गंभीर होने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 106/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बालकों की पतारसी हेतु 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में टीआई कृपाल सिंह राठौड़ ने विशेष टीम गठित की। टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर के विभिन्न स्थानों पर तलाश करते हुए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में तीनों की मूवमेंट गुना की ओर मिलने पर तत्काल टीम को रवाना किया गया। गुना में बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद पुलिस ने तीनों बालकों को गुना रेलवे स्टेशन से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सराहनीय कार्रवाई में टीआई कृपाल सिंह राठौड़ सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।


